बीकानेर की प्रमुख व्यापारिक संस्थाओं में शामिल खजांची मार्केट वेलफेयर सोसायटी ने अपनी कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए विभिन्न पदों पर नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की है। खजांची मार्केट स्थित सोसायटी कार्यालय में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया। कार्यकारिणी विस्तार के बाद व्यापारियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
बैठक में सोसायटी अध्यक्ष शिव सिंह शेखावत, सचिव मनीष कामरा, कोषाध्यक्ष एडवोकेट योगेश पोपली तथा संस्था के संरक्षकों की उपस्थिति में नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। सोसायटी ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा व्यापारियों की समस्याओं के प्रभावी समाधान के उद्देश्य से यह विस्तार किया है।
इन पदाधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
कार्यकारिणी विस्तार के तहत अशोक माधवानी, अज्जू मोतिवाला, शशिकांत स्वामी, सांवर लाल उपाध्याय और अशरफ मुगल को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं राजीव खत्री, जेठू भाटी, ओम सोनी, भजन लाल और मनीष टाक को मंत्री पद पर मनोनीत किया गया। इसके अलावा मुकेश देइया को सोसायटी का प्रवक्ता तथा एडवोकेट अमित गांधी को कानूनी सलाहकार नियुक्त किया गया।
- Advertisement -
गणेश मंदिर कमेटी का भी हुआ गठन
बैठक के दौरान खजांची मार्केट स्थित गणेश मंदिर से जुड़े धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों के संचालन के लिए गणेश मंदिर कमेटी का गठन भी किया गया। कमेटी में मनीष फुलिया, गुलशन कामरा और शुभम अरोड़ा को मनोनीत किया गया है।
व्यापारियों ने किया भव्य स्वागत
नई कार्यकारिणी की घोषणा के बाद खजांची मार्केट परिसर में व्यापारियों ने नवमनोनीत पदाधिकारियों का फूल-मालाएं पहनाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया। व्यापारियों ने विश्वास जताया कि नई टीम बाजार की समस्याओं के समाधान, व्यापारिक हितों की रक्षा और मार्केट के विकास के लिए सक्रिय भूमिका निभाएगी।
बाजार विकास और सुविधाओं पर रहेगा फोकस
नवमनोनीत पदाधिकारियों ने कहा कि वे सभी व्यापारियों को साथ लेकर संगठन को मजबूत बनाएंगे और खजांची मार्केट को शहर की आदर्श व्यापारिक मार्केट के रूप में विकसित करने के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने बाजार की स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और व्यापारियों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने का संकल्प व्यक्त किया।
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों और व्यापारियों ने खजांची मार्केट के विकास, संगठनात्मक एकता और व्यापारिक गतिविधियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
