बीकानेर। जिले के लूणकरणसर क्षेत्र में अमृतसर-जामनगर एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक ट्रक चालक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम लग गया और यातायात प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार हादसा महाजन की ओर शेरपुरा और कपूरीसर के बीच सुबह करीब 6:30 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि पंजाब की दिशा से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चल रहे ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के दौरान ट्रक चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रक में सवार दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। विशेष रूप से भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित रही, जिससे कुछ समय तक यातायात व्यवस्था बाधित रही।
- Advertisement -
घटना की सूचना मिलते ही लूणकरणसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस टीम ने काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त केबिन में फंसे चालक के शव को बाहर निकाला।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। वहीं घायल का अस्पताल में उपचार जारी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
राहत कार्य पूरा होने के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सुचारू करवाया। घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।
