बीकानेर। शनिवार दोपहर क्षेत्र में आए तेज आंधी-तूफान ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। अचानक बदले मौसम और तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़, बिजली के पोल और तार गिरने की घटनाएं सामने आईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की बड़ी जनहानि नहीं हुई, लेकिन कई इलाकों में नुकसान और यातायात बाधित होने की स्थिति बनी रही।
जानकारी के अनुसार श्रीगंगानगर की दिशा से आई तेज आंधी का असर राष्ट्रीय राजमार्ग-62 पर भी देखने को मिला। हरियासर टोल प्लाजा के निकट सड़क किनारे खड़ी यूरिया से भरी एक पिकअप गाड़ी पर अचानक एक विशाल पेड़ गिर पड़ा। पेड़ गिरने से वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के समय वाहन चालक पिकअप में ही मौजूद था। गनीमत रही कि उसे गंभीर चोट नहीं लगी और वह मामूली रूप से घायल हुआ। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर सहायता पहुंचाई।
आंधी के दौरान वार्ड संख्या-03 स्थित अंडरब्रिज के पास रेलवे की विद्युत लाइन का तार भी टूटकर नीचे गिर गया। सूचना मिलने पर रेलवे विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत का कार्य शुरू किया। सुरक्षा को देखते हुए आसपास के क्षेत्र में विशेष निगरानी रखी गई।
- Advertisement -
तेज हवाओं का असर स्टेट हाईवे-6ए पर भी पड़ा, जहां हनुमान नगर के समीप एक बड़ा पेड़ सड़क पर गिर गया। सड़क के बीचों-बीच पेड़ गिरने से कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। बाद में प्रशासन और स्थानीय लोगों के सहयोग से पेड़ को हटाकर रास्ता सुचारू कराया गया।
आंधी के बाद क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से पेड़ गिरने, बिजली के पोल क्षतिग्रस्त होने और विद्युत आपूर्ति बाधित होने की खबरें भी सामने आईं। कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से प्रभावित रही, जिसे बहाल करने के लिए संबंधित विभागों की टीमें जुटी हुई हैं।
मौसम विभाग की ओर से पहले ही तेज आंधी और खराब मौसम की चेतावनी जारी की गई थी। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।
