बीकानेर के कोटगेट क्षेत्र स्थित जिन्ना रोड की 5 नंबर डिस्पेंसरी में मंगलवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब मरीजों और स्थानीय लोगों ने वहां कार्यरत महिला डॉक्टर पर अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगाए। मामला बढ़ने पर पुलिस प्रशासन को मौके पर बुलाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, पूर्व यूआईटी चेयरमैन मकसूद अहमद के नेतृत्व में लोगों ने डिस्पेंसरी में धरना शुरू कर दिया और डॉक्टर को हटाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि संबंधित डॉक्टर का मरीजों के प्रति व्यवहार लंबे समय से ठीक नहीं रहा है और इस संबंध में कई शिकायतें पहले भी की जा चुकी हैं।
मकसूद अहमद ने बताया कि वे एक मरीज को दिखाने के लिए डिस्पेंसरी पहुंचे थे, जहां उनके अनुसार डॉक्टर द्वारा उनके साथ भी दुर्व्यवहार किया गया। उन्होंने कहा कि जब जनप्रतिनिधि के साथ इस तरह का व्यवहार हो सकता है तो आम मरीजों के साथ स्थिति और गंभीर हो सकती है।
धरने पर बैठे लोगों ने डॉक्टर को तत्काल हटाने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि जब तक कार्रवाई नहीं की जाती, उनका विरोध जारी रहेगा। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया और लोगों से समझाइश की। समाचार लिखे जाने तक धरना जारी था।
