बीकानेर सहित राजस्थान के कई जिलों में शुक्रवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। जिले में तेज हवाओं और हल्की बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर ओलावृष्टि भी हुई।
शाम करीब पांच बजे के बाद बीकानेर शहर में ठंडी हवाएं चलने लगीं और हल्की बूंदाबांदी ने मौसम को सुहावना बना दिया। मौसम में आए इस बदलाव से आमजन को गर्मी से काफी राहत मिली और लोगों के चेहरे पर सुकून दिखाई दिया।
मौसम विभाग के अनुसार, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बदला है। शुक्रवार को उत्तर-पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में आंधी और बारिश के चलते तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। चूरू, हनुमानगढ़, बीकानेर, सीकर, अलवर, जयपुर, भरतपुर, झुंझुनूं और करौली में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई।
शनिवार के लिए मौसम विभाग ने 30 जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, अलवर, दौसा, नागौर, अजमेर, टोंक, सवाई माधोपुर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, बूंदी, बारां और झालावाड़ में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, जोधपुर, पाली, सिरोही, भीलवाड़ा, राजसमंद, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा, डूंगरपुर और उदयपुर में येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
