आरपीएसजी समूह की कंपनी सीईएससी राजस्थान ने राज्य के विभिन्न राजकीय इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक कॉलेजों से कैंपस प्लेसमेंट के जरिए स्थानीय युवाओं की भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली है। इस वर्ष कंपनी ने 25 युवा इंजीनियरों का चयन किया है।
कंपनी के वाइस प्रेसीडेंट (एचआर) अरूणाभा साहा ने बताया कि सीईएससी राजस्थान अपनी नीति के तहत कोटा, बीकानेर और भरतपुर में बेहतर विद्युत सेवाओं के साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार देने को प्राथमिकता दे रही है। भर्ती प्रक्रिया में राजस्थान के कई सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों और पॉलिटेक्निक संस्थानों के 200 से अधिक छात्रों ने आवेदन किया था।
कंपनी द्वारा भर्ती के लिए न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक का मानदंड तय किया गया था। चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए स्वतंत्र भर्ती समिति गठित की गई। योग्य अभ्यर्थियों की पहले लिखित परीक्षा ली गई और सफल उम्मीदवारों का साक्षात्कार किया गया।
चयनित इंजीनियरों को केईडीएल (कोटा), बीकेईएसएल (बीकानेर) और बीईएसएल (भरतपुर) में नियुक्ति दी जा रही है। साथ ही उन्हें आरपी-एसजी समूह की अन्य कंपनियों में भी काम करने का अवसर मिलेगा।
- Advertisement -
कंपनी के अनुसार सीईएससी राजस्थान की तीनों कंपनियों में कार्यरत कर्मचारियों में 71 प्रतिशत से अधिक राजस्थान के युवा हैं। कुल 626 कर्मचारियों में से 447 स्थानीय युवाओं को रोजगार दिया गया है।
