बीकानेर के पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में एक रेजिडेंट डॉक्टर के साथ कथित मारपीट की घटना के बाद चिकित्सकों में रोष फैल गया। घटना के विरोध में रेजिडेंट डॉक्टरों ने कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया, जिससे ट्रॉमा सेंटर की कई चिकित्सा सेवाएं प्रभावित हो गईं।
जानकारी के अनुसार, देर रात सड़क दुर्घटना में घायल एक युवती को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद रेजिडेंट डॉक्टर डॉ. प्रतिभा अन्य मरीज के सीटी स्कैन से संबंधित कार्य के लिए स्कैनिंग कक्ष में पहुंचीं। इसी दौरान घायल युवती भी वहां पहुंच गई, जहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
बताया जा रहा है कि कहासुनी के दौरान युवती ने डॉक्टर के साथ मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं। घटना के बाद ट्रॉमा सेंटर का स्टाफ मौके पर एकत्र हो गया और पुलिस को सूचना दी गई। मामले की जानकारी मिलने पर वरिष्ठ चिकित्सक भी अस्पताल पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच समझाइश का प्रयास किया।
घटना से नाराज रेजिडेंट डॉक्टरों ने शनिवार सुबह से कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया। इसके चलते सर्जरी, न्यूरोसर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स सहित ट्रॉमा सेंटर की कई महत्वपूर्ण चिकित्सा सेवाओं पर असर पड़ा है। मामले की जांच जारी है।
