श्रीगंगानगर जिले के एक युवक को जयपुर वेस्ट पुलिस ने साइबर अपराध के गंभीर मामले में गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एआई तकनीक का इस्तेमाल कर एक युवती की तस्वीरों को अश्लील रूप में एडिट करने और उन्हें सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 17 मई को शिकायत दर्ज करवाई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी सोशल मीडिया प्रोफाइल से तस्वीरें और व्यक्तिगत जानकारी लेकर फेसबुक व इंस्टाग्राम पर फर्जी ग्रुप और अकाउंट बना लिए। आरोपी ने तस्वीरों को एडिट कर अश्लील फोटो और वीडियो तैयार किए तथा उन्हें युवती के परिचितों को भेजना शुरू कर दिया।
शिकायत में यह भी बताया गया कि आरोपी लगातार अभद्र टिप्पणियां करता था, वीडियो कॉल करने का दबाव बनाता था और युवती को ब्लैकमेल कर रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम का गठन किया।
तकनीकी साक्ष्यों और साइबर जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान श्रीगंगानगर जिले के ओडकी निवासी निर्मल सिंह के रूप में की। इसके बाद पुलिस टीम ने हिंदूमलकोट थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए भारत-पाकिस्तान सीमा के निकट आरोपी का पीछा कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद 27 मई को उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।
- Advertisement -
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद कर जब्त कर लिया है। फिलहाल आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
