बीकानेर में सामाजिक सरोकारों के तहत वीर सावरकर पर्यावरण सेवा समिति की प्रेरणा से शुक्रवार को पीबीएम नेत्र चिकित्सालय में 2200 काले चश्मे भेंट किए गए। यह सेवा कार्य भामाशाहों के सहयोग से संपन्न हुआ, जिससे नेत्र रोगियों को लाभ मिलेगा।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था पिछले ढाई वर्षों से लगातार मोतियाबिंद और अन्य नेत्र रोगों से पीड़ित मरीजों के लिए निशुल्क काले चश्मे उपलब्ध करवा रही है। विभिन्न भामाशाहों और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से अब तक 22 हजार से अधिक चश्मों का वितरण किया जा चुका है।
समिति के सचिव मोहित राजपुरोहित के अनुसार, यह सेवा कार्य स्वर्गीय राजेंद्र सिंह राजपुरोहित (मादा) की स्मृति में उनके मित्र भंवर सिंह बिलोचिया और भंवर लाल स्वामी (श्री करणी ट्रेडर्स) के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम को वीर सावरकर की 143वीं जयंती के उपलक्ष्य में समर्पित किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य, समिति के मुख्य संस्थापक एवं पूर्व पार्षद उम्मेद सिंह राजपुरोहित, सचिव मोहित राजपुरोहित सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
