चूरू जिले के रतनगढ़ में कांग्रेस नेता और प्रॉपर्टी डीलर राजेंद्र बबेरवाल के घर हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर रोहित गोदारा के माता-पिता और वीरेंद्र चारण के पिता को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार गुरुवार को तीनों को पूछताछ के लिए रतनगढ़ थाने लाया गया था, जहां करीब चार घंटे तक गहन पूछताछ की गई। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
एसपी निश्चय प्रसाद एम ने बताया कि 14 मई को कांग्रेस नेता राजकुमार बबेरवाल के घर दो नकाबपोश युवकों ने फायरिंग की थी। मामले में पुलिस पहले ही पंजाब के दो शूटर हरदीत सिंह और रोहित को गिरफ्तार कर चुकी है। पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
इस मामले में जयपुर जिले के रेनवाल मांझी निवासी मोनू चौधरी और अनीश गुर्जर को भी पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस को आशंका है कि गैंगस्टरों के परिजनों को घटना की जानकारी या किसी स्तर पर सहयोग की भूमिका हो सकती है।
- Advertisement -
बताया जा रहा है कि रोहित गोदारा के माता-पिता को लूणकरणसर से रतनगढ़ लाया गया, जबकि वीरेंद्र चारण के पिता से भी थाने में पूछताछ की गई। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच में जुटी हुई है।
