जयपुर। राजस्थान पुलिस ने अपराध नियंत्रण और जन सुरक्षा को मजबूत करने के लिए आधुनिक तकनीक आधारित ‘ड्रोन कवच’ अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत अब पूरे प्रदेश में ड्रोन के जरिए आसमान से लगातार निगरानी की जाएगी।
पुलिस विभाग ने बताया कि यह पहल खासतौर पर त्योहारों, मेलों, भीड़भाड़ वाले आयोजनों और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए शुरू की गई है। ड्रोन के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी और लाइव फीड सीधे कंट्रोल रूम तक पहुंचाई जाएगी, जिससे तत्काल कार्रवाई संभव हो सकेगी।
राजस्थान पुलिस अब पारंपरिक गश्त के साथ-साथ ड्रोन तकनीक का भी उपयोग कर रही है, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके। इस तकनीक की मदद से दुर्गम और सीमावर्ती क्षेत्रों में भी लगातार निगरानी रखी जाएगी।
अभियान के तहत ड्रोन पायलटों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है और इसे “सुरक्षित आकाश, सुरक्षित राजस्थान” की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि यह तकनीक बड़े आयोजनों में भीड़ नियंत्रण और जन सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
- Advertisement -
राजस्थान पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत 112 पर दें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
