बीकानेर। जिला के नोखा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) की वारदात को अंजाम दिया गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ पोक्सो (POCSO) और गैंगरेप की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।
मजदूरी पर गए थे माता-पिता पीड़िता के अनुसार, उसके माता-पिता पिछले छह महीनों से मजदूरी के सिलसिले में घर से बाहर थे। इसी दौरान पड़ोस में आने-जाने वाले दो युवकों से उसकी पहचान हुई, जिन्होंने इस मजबूरी का फायदा उठाया।
डरा-धमका कर वारदात को दिया अंजाम यह घटना 21 मई की रात की है। पीड़िता जब घर से बाहर आई, तो पहले से घात लगाए बैठे दोनों युवकों ने उसे अगवा कर लिया। आरोपियों ने पीड़िता को जबरन शराब पिलाई और सुनसान जगह पर ले जाकर बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपियों ने उसे पंजाब ले जाने और जान से मारने की धमकी भी दी।
माँ के आने पर भागे आरोपी इसी बीच, बेटी को ढूंढते हुए जब पीड़िता की माँ मौके पर पहुँची, तो दोनों आरोपी वहाँ से फरार हो गए। रोती हुई पीड़िता ने अपनी माँ को पूरी आपबीती सुनाई, जिसके बाद नोखा थाने में बुधवार रात को मामला दर्ज कराया गया। पुलिस फिलहाल आरोपियों की तलाश में जुटी है।
