बीकानेर के सांगलपुरा स्थित 66 केवी जीएस कार्यालय में कार्यरत एक महिला एईएन के साथ उसके पति द्वारा मारपीट, धमकी और राजकार्य में बाधा पहुंचाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने परिवाद के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पटेल नगर निवासी ज्योति यादव, जो जेडीवीवीएनएल में एईएन के पद पर कार्यरत हैं, ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 26 मई को वह अपने कार्यालय में कार्य कर रही थीं, तभी उनके पति संजोग यादव वहां पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि आरोपी ने महिला थाना में दर्ज एक मामले को वापस लेने का दबाव बनाया और ऐसा न करने पर जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान कार्यालय में मारपीट करते हुए दस्तावेज छीनने और फाइलें फेंककर सरकारी कार्य में बाधा डालने का भी आरोप लगाया गया है।
घटना के समय मौजूद एक कर्मचारी ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया। इसके बाद आरोपी वहां से चला गया, लेकिन कुछ समय बाद दोबारा आकर धमकियां देने और दबाव बनाने का प्रयास किया।
- Advertisement -
पुलिस ने परिवाद की जांच के बाद मामले को प्रथम दृष्टया अपराध मानते हुए केस दर्ज कर लिया है। जांच एएसआई जयप्रकाश को सौंपी गई है और पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
