बीकानेर रेंज स्तरीय अपराध समीक्षा बैठक का आयोजन मंगलवार को किया गया, जिसमें रेंज के चार जिलों बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू की कानून-व्यवस्था एवं अपराध स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता बीजू जॉर्ज जोसफ तथा ओमप्रकाश ने की।
बैठक में विभिन्न जिलों के पुलिस अधीक्षक और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इनमें मृदुल कच्छावा, हरी शंकर, नरेन्द्र सिंह मीणा, निश्चय प्रसाद एम, अनुष्ठा कालिया तथा सौरभ तिवाड़ी शामिल रहे।
बैठक के दौरान रेंज क्षेत्र में अपराध की वर्तमान स्थिति, गंभीर मामलों की जांच और विभिन्न जिलों में सामने आ रही चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी रणनीति अपनाने और लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया।
समीक्षा बैठक में नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने कहा कि नए कानूनों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने और पुलिस स्तर पर उनके बेहतर अनुपालन को सुनिश्चित करने की आवश्यकता है।
- Advertisement -
इसके अलावा अंतर्राष्ट्रीय सीमा सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विशेष मंथन किया गया। सीमा क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने और एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर बल दिया गया।
बैठक में सामुदायिक पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने आमजन और पुलिस के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने, जनसहभागिता बढ़ाने तथा सामाजिक स्तर पर अपराध रोकथाम के प्रयास तेज करने के निर्देश दिए।
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए ट्रैफिक नियमों की सख्ती से पालना करवाने, जागरूकता अभियान चलाने और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान कर आवश्यक सुधार करने पर भी जोर दिया गया।
अंत में अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी जिलों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
