बीकानेर जिला दवा विक्रेता संघ (रजि.) के विभिन्न पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई है। चुनाव की सभी प्रक्रियाएं जिला उद्योग संघ, रानी बाजार स्थित परिसर में संपन्न करवाई जाएंगी। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद दवा विक्रेताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
चुनाव अधिकारी अनन्तवीर जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बार संघ के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सह सचिव, कोषाध्यक्ष तथा छह कार्यकारिणी सदस्यों के पदों के लिए चुनाव करवाए जाएंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्र जमा कराने की प्रक्रिया 26 मई 2026 से शुरू हो चुकी है, जो 28 मई 2026 को शाम 5 बजे तक जारी रहेगी। इसके बाद उम्मीदवार 29 मई 2026 तक अपने नाम वापस ले सकेंगे।
चुनाव अधिकारी के अनुसार नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसी दिन शाम 4:30 बजे जिला उद्योग संघ, रानी बाजार में उम्मीदवारों की अंतिम सूची चस्पा की जाएगी। इसके बाद चुनावी गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।
- Advertisement -
यदि किसी पद पर एक से अधिक उम्मीदवार मैदान में रहते हैं तो मतदान कराया जाएगा। मतदान की स्थिति में चुनाव 31 मई 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक संपन्न होंगे। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे।
संघ से जुड़े सदस्यों का कहना है कि चुनाव के जरिए नई कार्यकारिणी का गठन होगा, जिससे दवा विक्रेताओं की समस्याओं और व्यापारिक हितों को लेकर नई रणनीति तैयार की जा सकेगी।
