राजस्थान में पिछले दो सप्ताह से जारी भीषण गर्मी के बीच अब मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार 22 और 23 मई को नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी और बारिश हो सकती है। इस बदलाव से तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में लू के साथ बारिश और धूलभरी आंधी का दोहरा असर देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग ने झुन्झुनू, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में लू के साथ आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, बीकानेर और फलोदी में शुक्रवार को लू चलने की चेतावनी दी गई है। मौसम विशेषज्ञों ने लोगों से सतर्क रहने और विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।
इधर 25 मई से शुरू होने वाले नौतपा को लेकर भी गर्मी और बढ़ने के संकेत हैं। भारतीय परंपरा और ज्योतिष के अनुसार सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश के बाद शुरुआती नौ दिन सबसे अधिक गर्म माने जाते हैं। मान्यता है कि नौतपा के दौरान जितनी अधिक गर्मी पड़ती है, मानसून उतना ही बेहतर रहता है।
बीकानेर में गर्मी लगातार तीखी होती जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले सप्ताह तक लू का असर बना रहेगा और 27-28 मई को तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि 30 मई को हल्की बारिश से कुछ राहत मिलने की संभावना है। शहर में अब रातें भी गर्म होने लगी हैं। बीती रात न्यूनतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस रहा। दिनभर गर्म हवाएं चलने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
