बीकानेर में केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah का दो दिवसीय दौरा प्रस्तावित है। वे 25 और 26 मई को बीकानेर में रहेंगे। इस दौरान वे बज्जू तहसील स्थित सांचू बॉर्डर का दौरा करेंगे और पाकिस्तान सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेंगे।
दौरे के दौरान गृह मंत्री बीएसएफ के जवानों से संवाद करेंगे और बॉर्डर क्षेत्र के ग्रामीणों से भी मुलाकात कर सकते हैं। इसके अलावा बीकानेर, श्रीगंगानगर, जैसलमेर, बाड़मेर और फलौदी जिलों के कलेक्टर एवं एसपी के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे। यह बैठक बीकानेर स्थित बीएसएफ एरिया में आयोजित होने की संभावना है, जिसमें संभागीय आयुक्त और आईजी स्तर के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
गृह मंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। पाकिस्तान से लगती अंतरराष्ट्रीय सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की ओर से विभिन्न तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। दौरे के दौरान प्रदेश के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवासन और डीजीपी राजीव शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी बीकानेर पहुंचेंगे। हालांकि जिला प्रशासन की ओर से अभी आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है, लेकिन दौरे को लगभग तय माना जा रहा है।
