शुक्रवार सुबह बीकानेर के गंगाशहर थाना क्षेत्र में रेलवे लाइन पर एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। यह हादसा जोड़बीड़ भैरूजी रोड स्थित रेलवे ट्रैक पर हुआ, जहां ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत हो गई। शव बुरी तरह क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया।
घटना की जानकारी मिलते ही खिदमतगार खादिम सोसाइटी और असहाय सेवा संस्थान के सेवादार भी एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में सहयोग किया। गंगाशहर थाना पुलिस के हरसुखराम अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई की निगरानी की। अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस शिनाख्त के प्रयासों के साथ मामले की जांच में जुटी हुई है।
