बीकानेर से जुड़े एक मामले में फलोदी के राजकीय चिकित्सालय में आयोजित नसबंदी शिविर के बाद एक महिला की मौत हो गई। मृतका के पति ने फलोदी अस्पताल और बीकानेर के पीबीएम अस्पताल के डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए सदर थाने में शिकायत दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार फलोदी निवासी महिला का 16 मई 2026 को राजकीय चिकित्सालय में नसबंदी ऑपरेशन किया गया था। ऑपरेशन के बाद उसे घर भेज दिया गया, लेकिन दो दिन बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। महिला को पेट में तेज दर्द और लगातार उल्टियां होने पर परिजन 20 मई को बीकानेर के कोठारी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां जांच के दौरान डॉक्टरों ने ऑपरेशन के समय आंत कटने की आशंका जताई और उसे पीबीएम अस्पताल रेफर कर दिया।
पीबीएम अस्पताल में बुधवार देर रात सर्जन डॉ. अशोक लूणिया की यूनिट ने महिला का ऑपरेशन किया, लेकिन गुरुवार सुबह उसकी मौत हो गई। मृतका के पति ने आरोप लगाया है कि फलोदी अस्पताल में नसबंदी ऑपरेशन के दौरान गंभीर लापरवाही बरती गई और बाद में पीबीएम अस्पताल में भी सही उपचार नहीं मिला। उन्होंने संबंधित डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
