बीकानेर में केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah के 25 और 26 मई के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में जिला कलक्टर निशांत जैन और पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने शुक्रवार को जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
जिला कलक्टर ने कहा कि यह दौरा जिले के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी विभाग पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दौरे के मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं।
बैठक में रूट व्यवस्था, सुरक्षा, साफ-सफाई, आवास, भोजन, पेयजल, वाहन, हेलीपैड, प्रचार-प्रसार और प्रवेश पत्र जैसी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को तय समय सीमा के अनुसार काम पूरा करने के निर्देश दिए गए।
जिला कलक्टर ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें और किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत उच्च अधिकारियों को सूचित करें। उन्होंने विशिष्ट व्यक्तियों के लिए लगाए गए लाइजिंग अधिकारियों के साथ भी बैठक की और बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) उम्मेद सिंह रतनू को पूरे दौरे की व्यवस्थाओं का ऑवरऑल प्रभारी बनाया गया है।
