बीकानेर रेल मंडल में संकेत एवं दूरसंचार विभाग को आधुनिक और डिजिटल बनाने की दिशा में गुरुवार को अहम कदम उठाया गया। Gaurav Goyal ने Signal Maintenance and Management System (SMMS) के तहत सिग्नल कर्मचारियों को 80 हैंड-हेल्ड टैबलेट वितरित किए।
डीआरएम गौरव गोविल ने बताया कि इन टैबलेट्स के जरिए सिग्नलिंग परिसंपत्तियों के रख-रखाव और प्रबंधन से जुड़ी गतिविधियों का रिकॉर्ड अब डिजिटल रूप में तैयार किया जाएगा। इससे पारंपरिक कागजी प्रक्रिया की जगह रियल-टाइम डेटा अपडेट संभव होगा और मेंटेनेंस कार्यों में पारदर्शिता तथा दक्षता बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि नई डिजिटल प्रणाली से सिग्नलिंग उपकरणों की निगरानी अधिक प्रभावी होगी और रेलवे सुरक्षा को मजबूत करने में मदद मिलेगी। डीआरएम ने कर्मचारियों को अनुरक्षण कार्यों में किसी भी प्रकार की शॉर्टकट पद्धति से बचने और सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश भी दिए।
वितरित किए गए टैबलेट्स में Wi-Fi और 5G कनेक्टिविटी की सुविधा उपलब्ध है, जिससे फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों को सिग्नलिंग से जुड़ी जानकारियां तुरंत अपडेट करने में आसानी होगी। इस अवसर पर वरिष्ठ संरक्षा अधिकारी अजय सिंह सेंगर, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर रण सिंह गोदारा सहित रेलवे के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
