हनुमानगढ़ जिले के तलवाड़ा क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली दूध बनाने वाली अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। यह कार्रवाई सीएमएचओ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव भूरानपुरा में एक मकान पर की।
छापेमारी के दौरान मौके से बड़ी मात्रा में संदिग्ध दूध और उसे तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली अमानक सामग्री बरामद हुई। टीम ने सॉरबिटोल, आटा और डिटर्जेंट जैसे पदार्थ भी जब्त किए, जिनका उपयोग मिलावटी दूध तैयार करने में किया जा रहा था।
अधिकारियों ने बताया कि यह मिलावटी दूध आमजन के स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है और इसे “धीमा जहर” माना जा सकता है। बरामद सामग्री और नकली दूध के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने मौके पर ही बरामद नकली दूध और केमिकल को नष्ट कर दिया। कार्रवाई के दौरान मिक्सी, ड्रम और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए। टीम ने संबंधित सप्लाई नेटवर्क की भी जांच शुरू कर दी है और खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
