राज्य सरकार ने शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों (जनता क्लिनिक) में कार्यरत कर्मचारियों की उपस्थिति व्यवस्था को पूरी तरह डिजिटल करने का फैसला लिया है। अब कर्मचारियों की हाजिरी मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज की जाएगी।
नेशनल हेल्थ मिशन राजस्थान की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। अभी तक क्लिनिकों में कर्मचारियों की उपस्थिति मैनुअल तरीके से दर्ज होती थी, जिससे नियमित निगरानी में परेशानी आ रही थी।
नई व्यवस्था के तहत सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के राजएसएसओ-अटेंडेंस मैनेजमेंट सिस्टम को लागू किया जाएगा। इसके बाद कर्मचारी अस्पताल परिसर में मौजूद रहकर ही अपनी उपस्थिति दर्ज कर सकेंगे। क्लिनिक परिसरों की जीपीएस मैपिंग की जा रही है और निर्धारित दायरे में आने पर ही उपस्थिति मान्य होगी।
एनएचएम मिशन निदेशक ने निर्देश दिए हैं कि ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारियों, जिला स्तरीय नोडल अधिकारियों और सभी कर्मचारियों की आईडी मैपिंग जल्द पूरी की जाए। आदेश में सात कार्य दिवस के भीतर डिजिटल उपस्थिति प्रणाली लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि 15 मई को आदेश जारी होने के बावजूद अब तक इसकी पालना को लेकर विशेष प्रगति नहीं हुई है।
