बीकानेर के मुक्ताप्रसाद थाना क्षेत्र में सूने मकान में सेंधमारी कर चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो नाबालिगों को निरुद्ध किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त कर ली है। फिलहाल चोरी हुए सामान की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
जानकारी के अनुसार परिवादी शिवराज सिंह ने मुक्ताप्रसाद थाने में मामला दर्ज करवाया था। शिकायत में बताया गया कि परिवार भात कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से बाहर गया हुआ था। जब परिवार वापस लौटा तो मकान के ताले टूटे मिले और घर से सोने-चांदी के आभूषण सहित अन्य सामान गायब मिला।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। थानाधिकारी विजेंद्र सीला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके से तकनीकी साक्ष्य जुटाए और आसपास के संदिग्ध लोगों से पूछताछ की।
जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर दो नाबालिगों को निरुद्ध किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में उपयोग की गई बाइक भी बरामद की है।
- Advertisement -
दोनों नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड बीकानेर के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें बाल संप्रेषण गृह भेज दिया गया। पुलिस अब उनसे पूछताछ कर चोरी हुए सामान की बरामदगी का प्रयास कर रही है।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी विजेंद्र सीला के साथ रूपाराम, हीरासिंह, श्रवण और सुभाष की विशेष भूमिका रही।
