बीकानेर रेल मंडल से जुड़े विकास कार्यों और रेल यात्रियों की समस्याओं को लेकर बुधवार को जयपुर स्थित उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में आयोजित होने वाली क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (जेडआरयूसीसी) की महत्वपूर्ण बैठक में कई अहम मुद्दे उठाए जाएंगे। बैठक में भाग लेने के लिए बीकानेर से जेडआरयूसीसी सदस्य एडवोकेट अशोक प्रजापत, संपत पारीक और जगदीश शर्मा जयपुर के लिए रवाना हुए हैं।
जेडआरयूसीसी सदस्य एडवोकेट अशोक प्रजापत ने बताया कि उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक की अध्यक्षता में होने वाली इस उच्च स्तरीय बैठक में बीकानेर क्षेत्र से जुड़ी रेल समस्याओं और विकास योजनाओं को प्रमुखता से रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि रेल यात्रियों की लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर प्रतिनिधिमंडल पूरी मजबूती से पक्ष रखेगा।
बैठक में नई ट्रेनों के संचालन, विभिन्न रेल मार्गों पर ट्रेनों के फेरे बढ़ाने, रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही बीकानेर को देश के प्रमुख व्यापारिक, धार्मिक और पर्यटन स्थलों से बेहतर रेल कनेक्टिविटी देने की मांग भी उठाई जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि बीकानेर रेल मंडल में यात्री सुविधाओं का विस्तार समय की आवश्यकता है। बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए रेलवे स्टेशनों पर आधुनिक सुविधाएं, बेहतर साफ-सफाई, प्रतीक्षालय, पेयजल और पार्किंग व्यवस्था को मजबूत किया जाना जरूरी है।
- Advertisement -
प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि इस बैठक में बीकानेर क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण रेल मुद्दों पर सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे, जिससे क्षेत्र के यात्रियों और व्यापारिक गतिविधियों को लाभ मिलेगा।
