बीकानेर नगर निगम कार्यालय के पीछे स्थित एक खुला और गहरा नाला आमजन के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। नगर निगम कार्यालय की उत्तर-पश्चिम दिशा में गुजरने वाली सड़क के किनारे बना यह बड़ा नाला कचरे और शिल्ट से पूरी तरह भरा हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार नाले की गहराई करीब चार से पांच फीट तक हो सकती है, लेकिन इसके चारों ओर न तो कोई सुरक्षा दीवार बनाई गई है और न ही फेंसिंग की गई है।
यह क्षेत्र पूरी तरह आवासीय है और दिनभर यहां से हजारों लोगों की आवाजाही रहती है। पैदल राहगीरों के अलावा दोपहिया, तिपहिया और चारपहिया वाहन चालक लगातार इस रास्ते से गुजरते हैं। इसके साथ ही क्षेत्र में पशुधन का भी आवागमन बना रहता है, जिससे हादसे की आशंका और अधिक बढ़ गई है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि कोई वाहन चालक या पशु अचानक इस खुले नाले में गिर जाए तो उसे बचाना बेहद मुश्किल हो सकता है। नाले में जमा गंदगी और शिल्ट के कारण हादसे की स्थिति में व्यक्ति का दम घुटने जैसी आशंका भी बनी रहती है। लोगों ने चिंता जताई कि यदि किसी को गिरते हुए किसी ने नहीं देखा तो लंबे समय तक घटना का पता भी नहीं चल पाएगा।
सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि नगर निगम अपने ही कार्यालय के पास स्थित इस खतरनाक खुले नाले की सुध नहीं ले पा रहा है, तो शहर के अन्य क्षेत्रों में मौजूद समस्याओं का समाधान किस तरह किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द नाले के आसपास सुरक्षा दीवार और फेंसिंग करवाने की मांग की है ताकि किसी बड़े हादसे से पहले स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।
- Advertisement -
क्षेत्रवासियों ने यह भी कहा कि बरसात के मौसम में यह खतरा और अधिक बढ़ सकता है, क्योंकि पानी भरने के बाद नाले की गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाएगा। ऐसे में प्रशासन को तुरंत कार्रवाई कर सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने चाहिए।
