बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में भीषण गर्मी, लगातार हो रही बिजली कटौती, गहराते पेयजल संकट और नीट पेपर लीक मामले को लेकर मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी श्रीडूंगरगढ़, सूडसर एवं नगर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी और युवा शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर विरोध जताया गया। बाद में उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बिजली, पानी और विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की मांग की गई।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो पार्टी आमजन और विद्यार्थियों को साथ लेकर आंदोलन को और तेज करेगी। नेताओं ने कहा कि सरकार जनता की मूलभूत समस्याओं को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रही है।
पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा ने आरोप लगाया कि जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से अघोषित बिजली कटौती जारी है। इससे आमजन का जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि दिन-रात बिजली गुल रहने से भीषण गर्मी में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, व्यापारिक गतिविधियां बाधित हो रही हैं और किसानों को सिंचाई में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
- Advertisement -
उन्होंने कहा कि लगातार ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की समस्या के कारण पंखे, कूलर, फ्रिज, मोटर और अन्य विद्युत उपकरण खराब हो रहे हैं, जिससे लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। छोटे बच्चे, बुजुर्ग और मरीज सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
देहात जिलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच आमजन बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है, वहीं युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों में लगातार लापरवाही सामने आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित होकर रह गई है और जमीनी स्तर पर समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा।
सियाग ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लाखों विद्यार्थियों ने वर्षों की मेहनत के बाद परीक्षा दी थी, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाओं ने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने एनटीए पर प्रतिबंध लगाने और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करने की मांग भी उठाई।
पीसीसी समन्वयक रामदेव ढाका ने कहा कि कई क्षेत्रों में लोगों को पेयजल के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाएं दूर-दराज से पानी लाने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन स्थायी समाधान निकालने में असफल साबित हो रहा है।
प्रदर्शन के दौरान श्रीडूंगरगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष राधेश्याम सिद्ध, सूडसर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्रीराम भादू, शहर अध्यक्ष ओमप्रकाश गुरावा, जिला प्रमुख मोडाराम मेघवाल सहित कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संबोधित किया। बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता और ग्रामीण भी प्रदर्शन में मौजूद रहे।
