बीकानेर में वर्तमान आर्थिक और वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए भारत सरकार द्वारा एमएसएमई उद्योगों को राहत देने के उद्देश्य से आपातकालीन क्रेडिट लाइन गारंटी योजना 5.0 की शुरुआत की गई है। बीकानेर जिला उद्योग संघ ने इस कदम को कारोबार सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल बताया है।
जिला उद्योग संघ अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया और सचिव वीरेंद्र किराडू ने कहा कि मौजूदा समय में वैश्विक तनाव, युद्ध जैसे हालात और बाजार में मंदी के कारण एमएसएमई इकाइयों पर आर्थिक दबाव बढ़ गया है। ऐसे में यह योजना उद्योगों को स्थिरता और राहत प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
योजना के तहत निजी एवं राष्ट्रीयकृत बैंकों के माध्यम से कारोबारियों को उनके पिछले वित्त वर्ष में उपयोग की गई अधिकतम नकद साख सीमा (सीसी लिमिट) का 20 प्रतिशत तक अतिरिक्त ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। इससे छोटे और मध्यम उद्योगों को कार्यशील पूंजी की समस्या से राहत मिलेगी।
इस योजना की प्रमुख विशेषता यह है कि ऋण की पुनर्भुगतान अवधि पांच वर्ष रखी गई है। पहले वर्ष में केवल ब्याज का भुगतान करना होगा, जबकि शेष चार वर्षों में आसान किस्तों के माध्यम से मूलधन चुकाया जाएगा। इससे कारोबारियों पर शुरुआती वित्तीय दबाव कम रहेगा।
- Advertisement -
द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने कहा कि भारत सरकार का उद्देश्य एमएसएमई क्षेत्र को वर्तमान बाजार परिस्थितियों से उबारना, उद्योगों को आर्थिक मजबूती देना तथा देश में रोजगार और उत्पादन को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि यह योजना छोटे उद्योगों के लिए नई ऊर्जा और अवसर लेकर आएगी।
बीकानेर जिला उद्योग संघ ने स्थानीय उद्यमियों से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है ताकि क्षेत्रीय उद्योगों को मजबूती मिल सके और आर्थिक गतिविधियां सुचारू रूप से आगे बढ़ सकें।
