बीकानेर पुलिस द्वारा नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रणजीतपुरा थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध डोडा सप्लाई करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की नजर में था और उसकी गिरफ्तारी पर पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
पुलिस अधीक्षक मुद्रुल कच्छावा के निर्देशन में जिलेभर में ऑपरेशन नीलकंठ चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बनवारीलाल मीणा और सीओ संग्राम सिंह के सुपरविजन में रणजीतपुरा थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह की टीम ने यह कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार 27 जनवरी को पुलिस ने ओमप्रकाश के घर पर तलाशी अभियान चलाया था। इस दौरान मौके से करीब 2 किलो 900 ग्राम अवैध डोडा बरामद किया गया। पुलिस ने ओमप्रकाश को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें उसने भंवरलाल को अवैध डोडा सप्लाई करने वाला मुख्य आरोपी बताया।
इसके बाद पुलिस ने भंवरलाल की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया। पुलिस के अनुसार आरोपी बेहद शातिर प्रवृत्ति का है और गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने पास मोबाइल फोन तक नहीं रखता था, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस करना मुश्किल हो रहा था।
- Advertisement -
लगातार सूचनाएं जुटाने और तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर जिला पुलिस अधीक्षक की ओर से पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर अवैध नशे के नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह, कृष्ण कुमार और राजू चौधरी की विशेष भूमिका रही।
