राज्य सरकार द्वारा संचालित वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान 2026 का शुभारंभ आगामी 25 मई से पूरे राजस्थान में किया जाएगा। बीकानेर जिले में अभियान के सफल संचालन को लेकर सोमवार को जिला कलेक्टर निशांत जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
जिला कलेक्टर निशांत जैन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को जिलेभर में व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाए और आमजन की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्कूल, कॉलेज, स्काउट-गाइड, अर्धसैनिक बल, पुलिस, ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के नागरिकों सहित सभी वर्गों को अभियान से जोड़ने पर जोर दिया।
बैठक में जल ग्रहण विकास विभाग के अधीक्षण अभियंता महेश कुमार अजाड़ीवाल ने अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह अभियान 25 मई से शुरू होकर 5 जून 2026, विश्व पर्यावरण दिवस तक चलेगा। अभियान के दौरान जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस अभियान में लगभग 23 विभागों की सहभागिता रहेगी। अभियान के तहत प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और जल बचत के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उपखंड स्तर पर संबंधित उपखंड अधिकारी अभियान के नोडल अधिकारी होंगे।
- Advertisement -
अभियान के दौरान जल संरक्षण विषयक संगोष्ठियां, प्रदर्शनी, पीपल पूजन, पौधरोपण, तालाबों और नालों की सफाई, चारागाहों का चिन्हीकरण, जल रिचार्ज तकनीकों का प्रचार-प्रसार, सोख्ता गड्ढों का निर्माण, वृक्षारोपण और “नो प्लास्टिक डे” जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसके अलावा किसान चौपाल, बीज बैंक गतिविधियां, घास बुवाई, पौध वितरण, जल सेवा अभियान और “जल गौरव सम्मान” जैसे आयोजन भी किए जाएंगे। अभियान में गैर सरकारी संस्थाओं, पर्यावरणविदों, व्यापारिक संगठनों, धर्मगुरुओं और शैक्षणिक संस्थानों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत जल शक्ति अभियान, हरियालो राजस्थान, एक पेड़ मां के नाम, मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान और स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं को भी शामिल किया जाएगा।
