बीकानेर में मिडिल ईस्ट सहित वैश्विक स्तर पर चल रहे तनावपूर्ण हालात और बदलते सामरिक समीकरणों के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का राजस्थान–पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र का दौरा प्रस्तावित है। यह दौरा आगामी 25 मई को बीकानेर में संभावित बताया जा रहा है, जिसे राष्ट्रीय सुरक्षा दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बीकानेर डिवीजन का सीमा क्षेत्र पाकिस्तान से सटी संवेदनशील अंतरराष्ट्रीय सीमा के कारण हमेशा सुरक्षा एजेंसियों की प्राथमिकता में रहता है। इसी को ध्यान में रखते हुए गृह मंत्री के संभावित दौरे से पहले उच्च स्तरीय तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
रविवार को बीकानेर में केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल की अध्यक्षता में एक प्री-विजिट समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बीकानेर रेंज आईजी ओमप्रकाश, बीएसएफ डीआईजी अजय लूथरा सहित विभिन्न खुफिया एजेंसियों और सुरक्षा विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान गृह मंत्री के प्रस्तावित रूट, सुरक्षा प्रोटोकॉल और सीमा से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जानकारी के अनुसार प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत 25 मई की शाम गृह मंत्री अमित शाह के बीकानेर नाल एयरपोर्ट पहुंचने की संभावना है। इसके बाद उनका स्थानीय स्तर पर गणमान्य व्यक्तियों से मुलाकात का कार्यक्रम हो सकता है और रात्रि विश्राम बीकानेर मुख्यालय में प्रस्तावित है।
- Advertisement -
इसके अगले दिन 26 मई को गृह मंत्री के सीमा सुरक्षा बल (BSF) की अग्रिम चौकियों के निरीक्षण की संभावना है। इस दौरान वे सीधे सीमा पर तैनात जवानों से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले सकते हैं। इसके बाद बीएसएफ मुख्यालय में उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक आयोजित होने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार इस बैठक में बीएसएफ, इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) और मिलिट्री इंटेलिजेंस के वरिष्ठ अधिकारी सीमा पार से हो रही संदिग्ध गतिविधियों और सुरक्षा चुनौतियों पर विस्तृत प्रस्तुति दे सकते हैं। विशेष रूप से सीमा क्षेत्रों में ड्रोन के माध्यम से होने वाली तस्करी और अवैध हथियारों व मादक पदार्थों की आपूर्ति जैसे मामलों पर चर्चा की संभावना है।
हाल के समय में बीकानेर और श्रीगंगानगर सीमा क्षेत्रों में ड्रोन गतिविधियों में बढ़ोतरी देखी गई है, जिससे सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। ऐसे में एंटी-ड्रोन तकनीक और सीमा सुरक्षा प्रणाली को और मजबूत करने पर भी विचार किया जा सकता है।
केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि यह दौरा राष्ट्रीय सुरक्षा और सीमा प्रबंधन के लिहाज से महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बदलते वैश्विक हालात के बीच भारत अपनी सीमाओं की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए लगातार कदम उठा रहा है।
प्रस्तावित यह दौरा सीमा सुरक्षा बल और राज्य पुलिस के बीच समन्वय को और मजबूत करने के साथ-साथ सुरक्षा रणनीति को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है।
