बीकानेर में नीट पेपर लीक मामले को लेकर सोमवार शाम एनएसयूआई ने विरोध प्रदर्शन करते हुए विशाल मशाल जुलूस निकाला। यह जुलूस एनएसयूआई जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण गोदारा के नेतृत्व में जिला कांग्रेस कमेटी देहात कार्यालय से अंबेडकर सर्किल तक निकाला गया। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग भी मौजूद रहे।
मशाल जुलूस में बड़ी संख्या में छात्र, युवा कार्यकर्ता और एनएसयूआई पदाधिकारी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में मशालें और तख्तियां लेकर केंद्र सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के खिलाफ नारेबाजी की। तख्तियों पर “धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो”, “एनटीए को प्रतिबंधित करो” और “छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो” जैसे संदेश लिखे हुए थे।
जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण गोदारा ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों से देश के युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार और एनटीए की लापरवाही के कारण लाखों विद्यार्थियों का भरोसा टूटा है। उन्होंने कहा कि जब तक दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
वहीं देहात कांग्रेस जिलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने कहा कि नीट परीक्षा में सामने आ रही अनियमितताओं ने छात्रों और अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में करवाने की मांग की।
- Advertisement -
प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। इस मौके पर अशोक जोशी, अभिमन्यु जाखड़, सोनू जोशी, दीपक चौधरी, मदद अली, सरवन रामावत सहित कई छात्र नेता और युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
