बीकानेर नगर निगम ने सफाई भर्ती 2018 से जुड़े मामले में 15 सफाई कर्मचारियों को पुनः सेवा में बहाल करने के आदेश जारी किए हैं। यह कार्रवाई राजस्थान हाईकोर्ट जोधपुर के निर्देशों और स्वायत्त शासन विभाग जयपुर के आदेशों की पालना में की गई है।
जानकारी के अनुसार सफाई भर्ती 2018 में चयनित इन कर्मचारियों की सेवाएं वर्ष 2021 में समाप्त कर दी गई थीं। इसके बाद मामला न्यायालय पहुंचा, जहां पुनर्विचार याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने 21 नवंबर 2024 को स्पष्ट किया कि कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त करने का कोई निर्देश नहीं दिया गया था। कोर्ट की टिप्पणी के बाद नगर निगम बीकानेर ने संबंधित कर्मचारियों को पुनः कार्यग्रहण कराने के आदेश जारी किए।
जिन कर्मचारियों को पुनर्बहाल किया गया है उनमें मीना, राकेश, गरीबाराम, बनवारी, संजय, मैना देवी, मुकेश, आनंद कुमार, फूलमती देवी, देबू देवी, ज्ञानप्रकाश बारासा, पाना देवी, लीला देवी, जसवंत पंडित और श्रवण कुमार शामिल हैं।
नगर निगम द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि पुनर्बहाली की अवधि को केवल नोटेशनल माना जाएगा और इस अवधि का कोई एरियर या नकद भुगतान देय नहीं होगा। कर्मचारियों को कार्यग्रहण से पहले पुलिस सत्यापन, मेडिकल प्रमाण पत्र और दो चरित्र प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने होंगे।
- Advertisement -
साथ ही आदेश में कहा गया है कि संबंधित कर्मचारी 15 दिन के भीतर नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करें। तय समय में प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर यह माना जाएगा कि कर्मचारी पुनः कार्यग्रहण नहीं करना चाहते।
इधर पुनर्बहाली के आदेश जारी होने के बाद कर्मचारियों ने पूर्व मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला का आभार जताया। कर्मचारियों का कहना है कि डॉ. कल्ला शुरू से इस मामले में उनके साथ खड़े रहे और लगातार सहयोग करते रहे। उन्होंने कहा कि इस फैसले से 15 परिवारों को बड़ी राहत मिली है।
