बीकानेर के गंगाशहर थाना क्षेत्र स्थित भीनासर इलाके में सोमवार को एक घर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक मासूम बच्ची, उसकी मां और पिता झुलस गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।
मिली जानकारी के अनुसार भीनासर स्थित हाजी होटल के पास एक मकान की रसोई में गैस सिलेंडर से रिसाव हो रहा था। बताया जा रहा है कि रसोई का दरवाजा बंद होने के कारण गैस पूरे कमरे में फैल गई। इसी दौरान बच्ची ने जैसे ही रसोई का गेट खोला और बल्ब जलाया, अचानक आग भड़क उठी।
धमाके जैसी आवाज सुनते ही बच्ची की मां, जो उस समय घर में पापड़ बेल रही थी, तुरंत रसोई की ओर दौड़ी। वहीं पिता भी बच्ची को बचाने के लिए अंदर पहुंचे। आग की चपेट में आने से तीनों झुलस गए। आसपास के लोगों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास किया और घटना की सूचना शिव वैली स्थित फायर ब्रिगेड को दी गई।
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा लेने से बड़ा हादसा टल गया। आग बुझाने वाली टीम में विमल बिनावरा, चंद्रपाल सिंह, मनीष गहलोत और नीरज सहित अन्य कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही।
- Advertisement -
घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल गंगाशहर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
