राजस्थान में बीएड कॉलेजों में प्रवेश की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य में आयोजित होने वाली पीटीईटी-2026 परीक्षा के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि एक बार फिर बढ़ा दी गई है। अब अभ्यर्थी 22 मई तक आवेदन कर सकेंगे।
इससे पहले आवेदन की अंतिम तिथि 15 मई निर्धारित की गई थी, लेकिन विद्यार्थियों की मांग और तकनीकी कारणों को देखते हुए नोडल एजेंसी वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय ने आवेदन प्रक्रिया को सात दिन और बढ़ाने का फैसला लिया है।
राज्यभर के बीएड कॉलेजों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली पीटीईटी परीक्षा 14 जून को प्रस्तावित है। प्रदेश के 944 बीएड कॉलेजों में संचालित दो वर्षीय बीएड पाठ्यक्रम की करीब 1.06 लाख सीटों के लिए अब तक 1.21 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। अंतिम तिथि बढ़ने के बाद आवेदन संख्या में और बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है।
आवेदन संशोधन की तारीख भी बढ़ी
नोडल एजेंसी ने ऑनलाइन आवेदन पत्र में संशोधन की अंतिम तिथि भी बढ़ा दी है। अब अभ्यर्थी 24 मई तक अपने आवेदन में त्रुटि सुधार कर सकेंगे। इसके लिए 200 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। पहले आवेदन संशोधन की अंतिम तिथि 17 मई तय की गई थी।
- Advertisement -
हालांकि एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थी नाम, फोटो और हस्ताक्षर जैसे मूल विवरणों में किसी प्रकार का संशोधन नहीं कर सकेंगे। केवल अन्य सामान्य त्रुटियों में सुधार की अनुमति दी जाएगी।
विद्यार्थियों को मिली राहत
पीटीईटी आवेदन तिथि बढ़ने से उन विद्यार्थियों को राहत मिली है जो किसी कारणवश अब तक आवेदन नहीं कर पाए थे। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि अंतिम तिथि बढ़ने से अधिक संख्या में अभ्यर्थियों को बीएड प्रवेश प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
राजस्थान में हर वर्ष बड़ी संख्या में विद्यार्थी बीएड पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए पीटीईटी परीक्षा में शामिल होते हैं। यह परीक्षा राज्य के विभिन्न सरकारी और निजी बीएड कॉलेजों में प्रवेश का मुख्य आधार मानी जाती है।
