बीकानेर जिले के बज्जू क्षेत्र में बिजली का तार गिरने से एक घर में भीषण आग लग गई। हादसे में दो गायों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि घर में रखा घरेलू सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार बज्जू के चक 24 जीएसडी बिठनोक निवासी फतेह सिंह पुत्र बूलदान सिंह के घर पर अचानक बिजली का तार गिर गया, जिससे आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
ग्रामीणों के अनुसार आग इतनी तेज थी कि घर में रखा फ्रिज, कूलर, करीब 10 क्विंटल ग्वार और अन्य जरूरी घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार हादसे में लगभग 50 हजार रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
- Advertisement -
घटना के दौरान घर में बंधी दो गायें भी आग की चपेट में आ गईं, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। इससे पीड़ित परिवार को आर्थिक नुकसान के साथ बड़ा मानसिक आघात भी पहुंचा है।
मौके पर मौजूद ग्रामीण आंसु राम, छेलु सिंह, भंवर सिंह, नाकातराम मेघवाल और अन्य लोगों ने बताया कि हादसा बिजली के तार गिरने से हुआ। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पुराने और ढीले बिजली तारों के कारण हादसों का खतरा बना रहता है। उन्होंने विद्युत विभाग से जल्द सुधार कार्य करवाने की भी मांग की है।
