राजस्थान के सरकारी और निजी स्कूलों में 17 मई से ग्रीष्मावकाश शुरू होने जा रहा है। शिक्षा विभाग ने इस संबंध में सभी स्कूलों के संस्था प्रधानों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। शिविरा पंचांग के अनुसार इस बार स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां 17 मई से 20 जून तक रहेंगी। यानी विद्यार्थियों को कुल 35 दिनों का अवकाश मिलेगा, जबकि सामान्य तौर पर यह छुट्टियां 45 दिनों की होती हैं।
सरकार ने इस बार 21 जून से ही नियमित रूप से स्कूल खोलने का निर्णय लिया है। इससे पहले हर वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को स्कूल एक दिन के लिए खुलते थे और फिर 1 जुलाई से नियमित कक्षाएं शुरू होती थीं।
शिक्षा विभाग ने स्कूल भवनों की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए हैं। संस्था प्रधानों से कहा गया है कि अवकाश से पहले सभी कक्षा-कक्षों और अन्य कमरों की अच्छी तरह जांच कर ताले लगाए जाएं, ताकि कोई पशु-पक्षी अंदर न रह जाए। साथ ही स्कूल की छतों की सफाई कराने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे बारिश के दौरान पानी निकासी में कोई परेशानी न हो। छुट्टियों के दौरान समय-समय पर स्कूलों की निगरानी करने को भी कहा गया है।
वहीं दूसरी ओर, मुख्यमंत्री शिक्षित राजस्थान अभियान के तहत चल रहे प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में संतोषजनक प्रगति नहीं मिलने पर शिक्षा निदेशालय ने कई विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। निदेशक सीताराम जाट द्वारा जारी नोटिस में बताया गया कि 3 से 18 वर्ष तक के बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन प्रदेश के 175 विद्यालयों में नामांकन लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं हुई। कई स्कूलों में पिछले वर्ष की तुलना में नामांकन में गिरावट दर्ज की गई है, जिसे विभाग ने लापरवाही माना है।
