बीकानेर में फास्टैग सिस्टम की बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। शहर के निवासी अल्ताफ अहमद उस समय हैरान रह गए, जब उनकी कार घर के गैराज में खड़ी होने के बावजूद पंजाब के मोर्य टोल प्लाजा से ₹155 टोल टैक्स कटने का मैसेज आया। घटना 14 मई देर रात की बताई जा रही है।
अल्ताफ अहमद के मुताबिक, उनकी गाड़ी पूरे समय घर पर लॉक थी और कहीं बाहर नहीं गई थी। रात करीब 11:30 बजे मोबाइल पर आए मैसेज ने उन्हें चौंका दिया। मैसेज में फास्टैग अकाउंट से टोल कटने की जानकारी थी, जबकि उनकी कार बीकानेर से बाहर तक नहीं निकली थी।
इस घटना ने NHAI की ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) और फास्टैग तकनीक की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आशंका जताई जा रही है कि या तो किसी ने फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया या फिर सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ी हुई है। अब वाहन मालिकों में अपने फास्टैग और निजी वाहन सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ने लगी है।
