बीकानेर के पीबीएम राजकीय अस्पताल स्थित ट्रॉमा सेंटर के ओबीआरसी (ऑर्थोबायोलॉजिकल रिसर्च क्लिनिक) को विकास कार्यों के लिए 15 लाख रुपए की वित्तीय स्वीकृति मिली है। इस राशि से क्लिनिक की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ आधुनिक चिकित्सा संसाधनों का विस्तार किया जाएगा।
स्वीकृत बजट के तहत क्लिनिक में निर्माण कार्य, अत्याधुनिक उपकरणों की खरीद, फर्नीचर, बिजली फिटिंग और अन्य आवश्यक लॉजिस्टिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इस परियोजना के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी सार्वजनिक निर्माण विभाग को सौंपी गई है।
ट्रॉमा सेंटर इंचार्ज डॉ. बी.एल. खजोटिया और ओबीआरसी क्लिनिक प्रभारी डॉ. अजय कपूर ने इस स्वीकृति पर सरकार का आभार जताया। डॉ. कपूर के अनुसार, वर्तमान में भी प्रदेश के विभिन्न जिलों से मरीज यहां इलाज के लिए पहुंच रहे हैं और उपचार के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। नई सुविधाएं शुरू होने के बाद मरीजों को और अधिक आधुनिक व बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी।
गौरतलब है कि प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में इस प्रकार का पहला ओबीआरसी क्लिनिक बीकानेर में स्थापित किया गया था। यहां हड्डियों और गंभीर चोटों से संबंधित रोगों के उपचार के साथ ऑर्थोपेडिक एवं बायोलॉजिकल रिसर्च भी की जाती है। इस विकास से चिकित्सा सेवाओं के साथ शोध कार्यों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
