बीकानेर का इंजीनियरिंग कॉलेज तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहल करने जा रहा है। कॉलेज में अब इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग के अंतर्गत एमटेक (डिजिटल कम्युनिकेशन) कोर्स शुरू किया जाएगा। इस नए पाठ्यक्रम के जरिए विद्यार्थियों को एआई, 5जी-6जी और सैटेलाइट कम्युनिकेशन जैसी आधुनिक तकनीकों की पढ़ाई का अवसर मिलेगा।
कॉलेज प्रशासन के अनुसार कोर्स को इंडस्ट्री की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इसमें छात्रों को केवल सैद्धांतिक शिक्षा ही नहीं, बल्कि प्रैक्टिकल ट्रेनिंग, लाइव प्रोजेक्ट्स और इंटर्नशिप का भी अनुभव दिया जाएगा, ताकि वे भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें।
प्रारंभिक चरण में इस कोर्स के लिए 18 सीटें निर्धारित की गई हैं। कॉलेज प्रशासन ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी कॉलेज की आधिकारिक वेबसाइट या विभाग से संपर्क कर अधिक जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
विभागाध्यक्ष चेनाराम ने कहा कि डिजिटल कम्युनिकेशन वर्तमान समय की सबसे महत्वपूर्ण तकनीकी जरूरतों में शामिल है। वहीं कोर्स कोऑर्डिनेटर डॉ. इंदु भूरिया ने बताया कि इस कोर्स के बाद छात्रों के लिए टेलीकॉम, रक्षा, इसरो, डीआरडीओ, रेलवे और आईटी सेक्टर में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।
- Advertisement -
उन्होंने बताया कि छात्र भविष्य में रेडियो फ्रीक्वेंसी इंजीनियर, नेटवर्क प्लानिंग एक्सपर्ट, डिजाइन इंजीनियर और रिसर्च साइंटिस्ट जैसे पदों पर कार्य कर सकेंगे।
