राजस्थान में होटल कारोबारी को रंगदारी के लिए धमकी भरे कॉल आने का मामला सामने आया है। कारोबारी ने इस संबंध में सीकर के गोकुलपुरा थाने में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट के अनुसार 7 और 8 मई को कारोबारी के पास विदेशी नंबरों से व्हाट्सएप कॉल आए। कॉल करने वाले ने खुद को गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग से जुड़ा बताया और दो करोड़ रुपए की फिरौती की मांग की।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि कॉल करने वाले ने राहुल रिणाऊ नाम का इस्तेमाल किया। इसके बाद व्हाट्सएप पर वॉइस रिकॉर्डिंग भेजकर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
वॉइस रिकॉर्डिंग में गैंगस्टर रोहित गोदारा और वीरेंद्र चारण का नाम लेते हुए कारोबारी को डराने और रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
- Advertisement -
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तकनीकी जांच में जुट गई है। विदेशी नंबरों और व्हाट्सएप कॉल की जानकारी खंगाली जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि धमकी देने वाले वास्तव में किसी गैंग से जुड़े हैं या नहीं।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और कारोबारी की सुरक्षा को लेकर भी सतर्कता बरती जा रही है।
