बीकानेर। कोटगेट थाना क्षेत्र में नो-एंट्री के दौरान एक ट्रक चालक द्वारा लापरवाही और नशे की हालत में वाहन चलाने का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर श्रीगंगानगर निवासी कमल मित्तल ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, 28 अप्रैल की रात करीब 9 बजे इंडेन गैस सिलेंडरों से भरा एक ट्रक नो-एंट्री के बावजूद शहर में घुस गया। इसी दौरान चालक ने प्रार्थी की बोलेरो को पीछे से टक्कर मार दी और वाहन को घसीटते हुए आगे बढ़ता रहा।
जब ट्रक को रोकने की कोशिश की गई तो चालक नहीं रुका। बाद में पीछा कर लालजी होटल के पास ट्रक को रुकवाया गया, लेकिन वहां भी चालक ने लापरवाही दिखाते हुए बोलेरो को फिर से टक्कर मार दी, जिससे वाहन को नुकसान पहुंचा।
आरोपी चालक को पकड़कर कोटगेट थाने लाया गया, जहां जांच में सामने आया कि वह शराब के नशे में था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर लिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई प्रवीण को सौंप दी है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।
