बीकानेर। जिले में पहली बार पुलिस व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए एएसपी स्तर के अधिकारियों को रात्रिकालीन गश्त में उतारा गया है। पुलिस ने रात के समय होने वाली आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए यह नया कदम उठाया है।
नई व्यवस्था के तहत एएसपी अधिकारी सीनियर सुपरविजन की भूमिका निभाएंगे। साथ ही रेंज आईजी कार्यालय में तैनात एएसपी को भी रात की गश्त में शामिल किया गया है। शहर में इस जिम्मेदारी को एएसपी सिटी चक्रवर्ती सिंह राठौड़ और ग्रामीण क्षेत्रों में बनवारी लाल मीणा संभालेंगे।
रात्रिकालीन गश्त के दौरान एएसपी के साथ डीवाईएसपी भी सुपरविजन अधिकारी के रूप में मौजूद रहेंगे। शहर की गश्त को सिटी और सदर सर्किल में विभाजित किया गया है। सिटी सर्किल में कोटगेट, नयाशहर, कोतवाली, मुक्ताप्रसाद और नाल थाना शामिल हैं, जबकि सदर सर्किल में सदर, बीछवाल, जेएनवीसी और नापासर थाने को रखा गया है।
हर सर्किल में संबंधित थाना प्रभारी (एसएचओ) को गश्त अधिकारी बनाया गया है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में एसएचओ गश्त का नेतृत्व करेंगे और सीओ निगरानी की जिम्मेदारी संभालेंगे। यह गश्त रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक चलेगी।
- Advertisement -
निगरानी को और सख्त बनाने के लिए सिटी और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अलग-अलग व्हाट्सऐप ग्रुप बनाए गए हैं, जिनमें गश्त पर तैनात अधिकारियों को हर घंटे अपनी लोकेशन साझा करनी होगी। एसपी मृदुल कच्छावा भी इन ग्रुप्स से जुड़े रहेंगे। यह नई व्यवस्था 1 अप्रैल से लागू कर दी गई है। पहले रात्रिकालीन गश्त की जिम्मेदारी इंस्पेक्टर और एसआई स्तर के अधिकारियों के पास होती थी।
