बीकानेर। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) ने यूजीसी-नेट परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह परीक्षा देशभर में सहायक प्रोफेसर नियुक्ति, जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) और पीएचडी में प्रवेश के लिए पात्रता तय करती है। अभ्यर्थी 20 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
यूजीसी-नेट परीक्षा वर्ष में दो बार, जून और दिसंबर में आयोजित की जाती है। इस परीक्षा के लिए मानविकी, सामाजिक विज्ञान, वाणिज्य, प्रबंधन, कंप्यूटर विज्ञान और इलेक्ट्रॉनिक विज्ञान समेत विभिन्न विषयों में मास्टर डिग्री धारक उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। सामान्य वर्ग के लिए न्यूनतम 55% और आरक्षित वर्ग के लिए 50% अंक आवश्यक हैं। अंतिम वर्ष या सेमेस्टर के छात्र भी आवेदन के पात्र हैं, लेकिन उन्हें परिणाम घोषित होने के दो वर्षों के भीतर आवश्यक अंक प्राप्त करने होंगे।
परीक्षा में दो पेपर होंगे। पेपर-1 में 100 अंकों के 50 प्रश्न पूछे जाएंगे, जो सामान्य विषयों पर आधारित होंगे।
इस बार परीक्षा का दायरा बढ़ाते हुए कुल 87 विषयों में आयोजित किया जाएगा। विशेषज्ञों के अनुसार, इस वर्ष वानिकी (फॉरेस्ट्री) और सांख्यिकी (स्टैटिस्टिक्स) जैसे दो नए विषय जोड़े गए हैं। इससे पहले भी आयुर्वेद जीवविज्ञान, आपदा प्रबंधन और भारतीय ज्ञान परंपरा जैसे विषय शामिल किए जा चुके हैं। पिछले वर्ष यह परीक्षा 85 विषयों में आयोजित हुई थी।
