पूगल (बीकानेर)। पूगल कस्बे में शराब के नशे में धुत दो युवकों द्वारा एक दुकानदार के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस थाना पूगल में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
वार्ड नंबर 8 निवासी मुकेश कुमार पुत्र ठाकुरदास ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 31 जनवरी की रात करीब साढ़े नौ बजे वह मेन बाजार स्थित अपनी दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान मुख्तियार खां पुत्र मोहम्मद हुसैन और मुनिर खां पुत्र अब्दुल करीम, दोनों निवासी फलावाली पूगल, शराब के नशे में उसकी दुकान पर पहुंचे।
आरोप है कि दोनों युवकों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। जब मुकेश कुमार ने विरोध किया तो आरोपियों ने लात-घूंसे और मुक्कों से उसके साथ मारपीट की। इस दौरान दुकान को आग लगाने और जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ित के अनुसार बीच-बचाव करने आए उसके भाई के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की।
पीड़ित ने यह भी बताया कि आरोपी पहले से आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उनके खिलाफ न्यायालय में मामला विचाराधीन है। घटना के बाद से आरोपी लगातार परिवार को धमका रहे हैं, जिससे वह और उसका परिवार भय के माहौल में रह रहे हैं। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- Advertisement -
