बीकानेर। गंगाशहर थाना क्षेत्र की मंगलम कॉलोनी में एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोग घायल हो गए। घटना 25 जनवरी की शाम की बताई जा रही है, जब पीछे से आ रही टाटा सफारी ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद घायलों को उपचार के लिए पीबीएम अस्पताल पहुंचाया गया।
इस संबंध में हैड पोस्ट ऑफिस के पीछे रहने वाले हरिशंकर सैन ने गंगाशहर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। परिवादी ने बताया कि वह अपने साले के साथ मोटरसाइकिल पर कहीं जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति और लापरवाही से चल रही टाटा सफारी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर गए और उन्हें चोटें आईं। हादसे में हरिशंकर के साले को गंभीर चोटें लगी हैं, जिसका इलाज वर्तमान में पीबीएम अस्पताल में जारी है।
पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर सफारी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
