बीकानेर। सुजानदेसर रोड पर पानी की पाइपलाइन में लीकेज की मरम्मत के लिए शनिवार को फिर से सड़क खोदी गई। पिछले एक माह में यह तीसरी बार है जब इसी जगह खुदाई हुई है, जिससे आम नागरिक और वाहन चालकों को आवागमन में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ा।
तीन दिन पहले माघ दशमी मेले के दौरान भी पाइपलाइन लीकेज के कारण सड़क पर पानी बहता रहा था, जिससे मेलार्थियों को आवाजाही में कठिनाई हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार पाइपलाइन लीकेज और सड़क पर पानी बहने से सड़क की हालत कमजोर हो गई है और जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं। विभागीय कर्मचारियों ने शनिवार को लीकेज दुरुस्त करने का कार्य शुरू किया, जिसे अगले दो-तीन दिन तक जारी रहने की संभावना है। इस दौरान यातायात प्रभावित रहने की आशंका जताई जा रही है।
पाइपलाइन और सीवरेज लाइन की समस्या
काली माता मंदिर के पास पानी की पाइपलाइन और एसटीपी को जाने वाली मुख्य सीवरेज लाइन आमने-सामने से गुजर रही है। इसी वजह से कभी सीवरेज लाइन में लीकेज होता है, तो कभी पानी की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो जाती है। लगातार पानी बहने के कारण सड़क कमजोर हो चुकी है।
प्रमुख संपर्क मार्ग प्रभावित
सुजानदेसर रोड गंगाशहर, किसमी देसर, सुजानदेसर, श्रीरामसर, मुरलीधर कॉलोनी सहित पुराने शहर की ओर जाने वाले लोगों के लिए मुख्य संपर्क मार्ग है। बार-बार खुदाई और ट्रैफिक बाधा से आमजन को परेशानी झेलनी पड़ रही है। क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग से स्थायी मरम्मत और बार-बार होने वाली खुदाई को रोकने की मांग की है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु रूप से चल सके।
