बीकानेर। रेल बजट 2026-27 को लेकर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय बीकानेर के सभा कक्ष में सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस अवसर पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़े और बजट की प्रमुख घोषणाओं के साथ भारतीय रेलवे की उपलब्धियों पर विस्तार से जानकारी दी।
रेल मंत्री ने बताया कि इस बजट में रेलवे के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, यात्रियों की सुविधाओं के विस्तार और संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि ट्रैक उन्नयन और ‘कवच’ सुरक्षा प्रणाली को मिशन मोड में लागू किया जा रहा है, ताकि रेल यात्रा को और अधिक सुरक्षित बनाया जा सके।
राजस्थान को मिला 10,228 करोड़ का आवंटन
रेल मंत्री ने बताया कि वर्ष 2026-27 के रेल बजट में राजस्थान के लिए 10,228 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। राज्य में रेलवे विकास के कई बड़े कार्य प्रगति पर हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत राजस्थान के 85 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है, जिन पर तेज़ी से कार्य चल रहा है।
इसके साथ ही रेलवे द्वारा ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाने, टावर स्थापित करने, डेटा सेंटर और आरएफआईडी डिवाइस लगाने जैसे तकनीकी कार्य किए जा रहे हैं, जिससे परिचालन क्षमता और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार होगा।
- Advertisement -
बीकानेर मंडल में 100 प्रतिशत विद्युतीकरण
प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने बीकानेर मंडल की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि बीकानेर रेल मंडल में 100 प्रतिशत विद्युतीकरण का कार्य पूर्ण हो चुका है। वर्तमान में मंडल में करीब 140 पैसेंजर ट्रेनें और लगभग 80 मालगाड़ियां विद्युत इंजनों से संचालित हो रही हैं। शीघ्र ही पूरे मंडल में केवल विद्युत इंजन से ही रेल संचालन किया जाएगा।
दोहरीकरण और स्टेशन पुनर्विकास कार्य
मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि रतनगढ़ से दूधवाखारा के बीच 73 किलोमीटर रेलमार्ग का दोहरीकरण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष कार्य शीघ्र पूरा किया जाएगा। भिवानी-मन्हेरू रेलखंड पर भी दोहरीकरण का कार्य प्रगति पर है।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बीकानेर मंडल के 22 स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। इनमें से मंडी डबवाली और गोगामेड़ी स्टेशनों का उद्घाटन 22 मई 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया जा चुका है। 15 स्टेशनों पर कार्य जारी है, जबकि सात पर जल्द काम शुरू होगा।
बीकानेर स्टेशन का होगा 382 करोड़ से कायाकल्प
मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि बीकानेर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास 382 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीकानेर रेल मंडल यात्रियों को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में वरिष्ठ रेल अधिकारी, दूरसंचार विभाग के प्रतिनिधि, रेलवे कर्मचारी और मीडियाकर्मी मौजूद रहे।
