बीकानेर में औषधि नियंत्रण विभाग की सख्त जांच के बाद चार मेडिकल स्टोर्स के अनुज्ञापत्र अस्थायी रूप से निलंबित कर दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान दवा भंडारण, रिकॉर्ड संधारण और नियमों के पालन में गंभीर खामियां सामने आईं, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई।
अनुज्ञापन प्राधिकारी एवं सहायक औषधि नियंत्रक देवेंद्र कुमार केदावत ने बताया कि गाढ़वाला क्षेत्र में स्थित अमित मेडिकल एंड जनरल स्टोर का लाइसेंस 9 फरवरी से 12 फरवरी तक चार दिनों के लिए निलंबित किया गया है। वहीं, श्रीडूंगरगढ़ के बिग्गा बास बस स्टैंड पर संचालित चौधरी मेडिकल एंड जनरल स्टोर का अनुज्ञापत्र 9 से 13 फरवरी तक पांच दिनों के लिए निलंबन की कार्रवाई में शामिल है।
इसके अतिरिक्त कीतासर बिदावतान स्थित हीना मेडिकल स्टोर और श्रीडूंगरगढ़ के स्टेशन रोड मोमासर बास क्षेत्र में स्थित हबीब मेडिकल एंड जनरल स्टोर के लाइसेंस 9 फरवरी से 18 फरवरी तक दस दिनों के लिए निलंबित किए गए हैं।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई औषधि नियमों के उल्लंघन को रोकने और आमजन को सुरक्षित व गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है। औषधि नियंत्रण विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी नियमित निरीक्षण जारी रहेंगे और नियमों की अनदेखी करने वाले मेडिकल स्टोर्स पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
- Advertisement -
