बीकानेर जिले के पूगल थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब चलती बाइक के सामने अचानक कुत्ता आ गया, जिससे संतुलन बिगड़ने पर युवक सड़क पर गिर पड़ा।
मृतक के भाई पुरखाराम नायक ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसका भाई मांगीलाल नायक मोटरसाइकिल से जा रहा था। रास्ते में अचानक कुत्ता सामने आ जाने से बाइक अनियंत्रित हो गई और मांगीलाल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पूगल थाना पुलिस ने मर्ग दर्ज किया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
